कबीरधाम जिले में 17 जुलाई को कवर्धा सिटी कोतवाली पुलिस ने गौरक्षा के नाम पर एक युवक के साथ मारपीट करने के मामले में बजरंग दल के दो कार्यकर्ता सागर साहू और पूरन पाली को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इन दो कार्यकर्ता के खिलाफ की गई कार्रवाई से विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल नाराज है। यहीं कारण है कि आज रविवार से एफआईआर व गिरफ्तारी के विरोध में क्रमिक भूख हड़ताल शुरू किया गया है। शहर के भारत माता चौक में बजरंग दल के कार्यकर्ता बैठे हुए थे। इन लोगों की मांग है कि फर्जी एफआईआर को रद्द कर सागर साहू व पूरन पाली को रिहा किया जाए। गौवंश के संरक्षण व हिंदुओं को संरक्षण दिया जाए। धर्मांतरण करने वाले विधर्मियों को जेल भेजा जाए। इस कार्य में लिप्त एक निजी स्कूल की मान्यता रद्द हो,जिसके प्राचार्य धर्मांतरण में संलिप्त पाए गए हैं। जब तक न्याय नहीं मिलेगा तब तक बजरंग दल व गौसेवक द्वारा भूख हड़ताल पर बैठे रहेंगे।आज रविवार को बरसते पानी में कार्यकर्ता अपनी मांग को लेकर बैठे रहें व जमकर नारेबाजी की है। वहीं, पुलिस का दावा है कि इसी माह 12 जुलाई को कुछ व्यक्तियों ने गौरक्षा के नाम पर एक युवक के साथ सार्वजनिक स्थान पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। मामले में सिटी कोतवाली थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 191(2), 191(3), 296, 331(6), और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। जांच के बाद सागर साहू और पूरन पाली को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।