कबीरधाम जिले के रेंगाखार थाना क्षेत्र में जिला पंचायत सदस्य राजकुमार मरावी के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आज बुधवार को आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनका जुलूस निकालकर क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश दिया। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। जानकारी के अनुसार जिला पंचायत सदस्य राजकुमार मरावी सोमवार को अपने क्षेत्र में जनसंपर्क के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में वाहन ओवरटेक करने की बात को लेकर कुछ युवकों के साथ उनका विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के बाद युवक आगे जाकर उनकी गाड़ी के सामने आ गए और वाहन रोक लिया। पीड़ित की शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने जिला पंचायत सदस्य और उनके चालक के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की। विवाद बढ़ने पर युवकों ने मारपीट भी की और धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। मामले की सूचना मिलते ही रेंगाखार पुलिस हरकत में आई और तत्काल जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान घटना में उनकी संलिप्तता सामने आने पर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। ऐसे में पुलिस उनके पुराने मामलों की भी जांच कर रही है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आज कवर्धा में आरोपियों का जुलूस निकालकर क्षेत्र में कानून का संदेश दिया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनप्रतिनिधियों अथवा आम नागरिकों के साथ मारपीट, धमकी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।