जांजगीर-चांपा जिले के हनुमान धारा त्रिदेव घाट के पास तीन बच्चे रूद्र, युवराज और नेलशन लापता हो गए हैं। तीनों बच्चे क्रमशः 5वीं, 8वीं और 9वीं कक्षा के छात्र बताए जा रहे हैं और मनका पब्लिक स्कूल में पढ़ते हैं। जानकारी के अनुसार, आज स्कूल की छुट्टी होने की वजह से तीनों दोस्त सुबह करीब 10 बजे साइकिल से हनुमान धारा नहाने के लिए पहुंचे थे। लेकिन शाम तक उनके घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान तीनों बच्चों की साइकिल, कपड़े और चप्पले त्रिदेव घाट के पास मिलीं। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चाम्पा पुलिस, एसडीआरएफ टीम और अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम पवन कोसमा भी घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे। बच्चों की खोजबीन के लिए हसदेव नदी का जल प्रवाह अस्थायी रूप से रोक दिया गया है, ताकि तलाशी अभियान तेज किया जा सके। फिलहाल, तीनों बच्चों की तलाश लगातार जारी है। परिजन और पुलिस टीम मौके पर मौजूद हैं।