गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के मरवाही एसडीएम कार्यालय के पास स्थित आवासीय इलाके में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। अज्ञात चोरों ने सूने घर के छत में लगा सीट तोड़कर घर के अंदर घुसकर सोने-चांदी के आभूषणों के साथ ही नगद लाखों रुपये की चोरी कर ले गए। घटना से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, चोरी की यह वारदात BEO ऑफिस मरवाही में पदस्थ बाबू जीवन यादव के मकान में हुई। घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाकर चोर छत में लगे सीट को तोड़कर अंदर दाखिल हुए और आलमारी व कमरों की तलाशी लेकर कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। घर लौटने पर चोरी का खुलासा हुआ।सूचना मिलते ही मरवाही पुलिस, साइबर सेल और डॉग स्क्वाड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घर के अंदर–बाहर का निरीक्षण करते हुए फिंगरप्रिंट सहित अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए। साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की गतिविधियों का सुराग मिल सके।पुलिस का मानना है कि चोरी पूरी योजना के साथ की गई है और चोरों को घर में किसी के नही होने की जानकारी पहले से रही होगी। फिलहाल मामले की तफ्तीश तेज कर दी गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।