फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CG CBSE 10th Topper: सेल्फ स्टडी के दम पर 98%, अनुज अग्रवाल ने GPM को दिलाया 10वीं बोर्ड में पहला स्थान

Wed, 15 Apr 2026 10:36 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, गौरेला पेंड्रा मरवाही

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के विद्यार्थियों ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा दस के परीक्षा परिणाम में शानदार प्रदर्शन किया है। इस वर्ष जिले के छह छात्र-छात्राओं ने 90 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त कर शीर्ष सूची में जगह बनाई है। इससे स्कूलों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है।

डीएवी पब्लिक स्कूल सारबहरा के छात्र अनुज अग्रवाल ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने अट्ठानबे फीसदी अंक हासिल किए। मां कल्याणिका पब्लिक स्कूल के छात्र अनंत गोयल संतानबे दशमलव दो फीसदी अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहे। इसी स्कूल की छात्रा आयुषी अग्रवाल ने छियानबे दशमलव छह फीसदी अंक अर्जित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। 

अंशिका अग्रवाल ने पंचानबे फीसदी, सुप्रियांशी शर्मा ने तिरानबे फीसदी और निखिल जोशी ने बानबे दशमलव आठ फीसदी अंक प्राप्त किए। परिणाम घोषित होने के बाद सभी विद्यालयों में जश्न का माहौल देखा गया। अभिभावकों ने मिठाई खिलाकर बच्चों की सफलता का उत्सव मनाया। 

जिला कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी और पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने सफल विद्यार्थियों को बधाई दी। जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी सहित जनप्रतिनिधियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

टॉपर अनुज अग्रवाल को ऐसे मिली सफलता
टॉपर अनुज अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने बिना किसी ट्यूशन के केवल आत्म-अध्ययन से यह सफलता पाई है। उनका लक्ष्य आगे चलकर कलेक्टर बनकर देश की सेवा करना है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और अपनी बड़ी बहन आर्ची अग्रवाल को दिया। आर्ची अग्रवाल पहले भी बारहवीं कक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त कर चुकी हैं।

द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले अनंत गोयल ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और गुरुजनों को दिया। उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बनाकर मोबाइल का सकारात्मक उपयोग किया। उनका सपना वाणिज्य लेकर चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना है। तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली आयुषी अग्रवाल ने भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी बनने की इच्छा जताई, जबकि सुप्रियांशी शर्मा डॉक्टर बनकर समाज सेवा करना चाहती हैं। विद्यार्थियों ने अपनी सफलता के पीछे कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्म-अध्ययन को मुख्य आधार बताया है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें