गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के गौरेला थाना क्षेत्र अंतर्गत करंगरा घाट में एक निजी फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट के साथ लूटपाट की घटना सामने आई है। बदमाशों ने वारदात को अंजाम देते हुए एजेंट के पास मौजूद लगभग 70 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित की शिकायत पर गौरेला पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मनोज कुमार राठौर, निवासी जिला अनुपपुर (मध्यप्रदेश),के खालबहरा गांव के रहने वाले है और वे गौरेला स्थित ग्राम शक्ति फाइनेंस कंपनी में रिकवरी एजेंट के रूप में कार्यरत हैं। कंपनी ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान करती है तथा उनसे मासिक किस्तों की वसूली की जाती है। मनोज कुमार राठौर शुक्रवार को अनुपपुर जिले के सीमावर्ती ग्राम पोड़की में कंपनी की ओर से ऋण वसूली के लिए गए थे। उन्होंने गांव की 27 महिलाओं से किस्त के रूप में लगभग 70 हजार रुपये एकत्र किए थे। वसूली की राशि लेकर मनोज कुमार राठौर गौरेला स्थित कार्यालय लौट रहे थे। इसी दौरान गौरेला-पोड़की मुख्य मार्ग पर स्थित करंगरा घाट में दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें रोककर उनके पास रखा बैग छीन लिया, जिसमें वसूली की पूरी रकम रखी हुई थी। घटना को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने गौरेला पहुंचकर थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर गौरेला पुलिस ने दो मोटरसाइकिलों में सवार चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5) एवं 304(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के मार्गों, संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी शनिप रात्रे ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस को उम्मीद है कि शीघ्र ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।