गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक स्टेशन परिसर में खड़ी मालगाड़ी के डिब्बे के ऊपर चढ़ गया। युवक के इस कदम से आत्महत्या की आशंका जताई गई, जिसके बाद रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। किसी भी बड़े हादसे से बचने के लिए सबसे पहले ओवरहेड विद्युत लाइन (ओएचई) की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई।
जानकारी के अनुसार, युवक गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम तरईगांव का निवासी है। वह अज्ञात कारणों से मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया था। घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन परिसर में यात्रियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। रेलवे अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए और युवक को शांतिपूर्वक नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया।
काफी मशक्कत और समझाइश के बाद रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद रेलवे पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू की और उसके परिजनों को भी सूचना दी गई। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या के प्रयास से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, युवक ने यह कदम किन कारणों से उठाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस उससे पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के चलते कुछ समय के लिए रेल परिचालन भी प्रभावित रहा। समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कराए जाने और रेलवे प्रशासन व पुलिस की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।