बिलासपुर जिला और जनपद पंचायत में 15 वें वित्त की राशि वितरण में असमानता को लेकर कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव आज जिला और जनपद सदस्यों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए जनपद और जिला पंचायत सदस्यों को दिए जा रहे विकासनिधि में असमानता पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि, पंचायती राज एक महत्वपूर्ण कड़ी है जो गांव के विकास के लिए काम करती है। हाल ही में त्रिस्तरीय पंचायती राज के चुनाव भी हुए हैं। जिस तरह सांसदों, विधायकों को अपने क्षेत्र में काम करने के लिए विकास निधि मिलती है। उसी तरह जनपद और जिला पंचायत सदस्यों को भी विकास निधि दी जाती है। लेकिन भाजपा के राज में जो अध्यक्ष बैठे हैं, नेताओं का जो आदेश है, कांग्रेस समर्थित जिला और जनपद सदस्यों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। कांग्रेसी सदस्यों को 4 लाख और भाजपा के सदस्यों को 6 लाख दिया जा रहा है। इसी तरह जिला जनपद उपाध्यक्ष और अध्यक्ष की भी स्थिति है। किसी को 10 लाख तो किसी को उससे ज्यादा दिए जा रहे हैं। ये असमानता बड़े भ्रष्टाचार की तरफ इशारा कर रही है। कांग्रेस विधायक ने कहा कि, भाजपा राज में अधिकारी स्वामिभक्ति में लगे हुए हैं। बेलगाम हो गए हैं। जनप्रतिनिधियों का सम्मान नहीं हो रहा है। उनके अधिकारों का राशि उन्हें नहीं मिल रहा है। कांग्रेस विधायक ने कहा कि, विकासनिधि के वितरण में असमानता नहीं होना चाहिए। आगे उन्होंने इसके लिए सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ने की बात कही है।