भाटापारा में शहीद वीर नारायण सिंह वार्ड में रहने वाले एक युवक की आत्महत्या के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक के परिजन गुरुवार को उसका शव लेकर भाटापारा ग्रामीण थाना पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। परिजनों का आरोप है कि युवक के साथ 4 जून को मारपीट की गई थी, जिसके चलते वह मानसिक रूप से टूट गया और उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। मृतक की मां रुखमणी वर्मा ने आरोप लगाया कि मोटर स्टैंड के पास अक्षय और विक्की नामक युवकों ने पहले उसके बेटे के साथ मारपीट की, इसके बाद प्रिया, पूजा और अंजु नाम की युवतियां उनके घर में घुसकर उसे बुरी तरह पीटीं। गंभीर रूप से घायल होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां से इलाज के बाद रात को घर लौटे युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। मां का बयान बेहद भावुक रहा। उन्होंने कहा, "रात को खाना बनाने गई, बेटा कह रहा था मॉ खाना बना दो... जब लौट कर आई तो उसने फांसी लगा ली। अब मैं उसके शव को लेकर आई हूं ताकि जिन लोगों ने उसे मारा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। इस पूरे मामले पर ग्रामीण थाना प्रभारी लखेश केवट ने बताया कि उन्हें युवक की आत्महत्या की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंच कर पंचनामा तैयार किया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। आज जब परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर थाने पहुंचे, तो कुछ नाम बताए गए जिन पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। फिलहाल सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए ताकि न्याय हो सके और ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।