सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रजपुरीकला में राशन वितरण में अनियमितता से नाराज ग्रामीणों का आक्रोश देर रात फूट पड़ा। कई माह से राशन नहीं मिलने से परेशान दर्जनों ग्रामीणों ने सोसायटी संचालक को बंधक बना लिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए संचालक को मुक्त कराया।
ग्रामीणों के अनुसार, उन्हें पिछले तीन माह से नियमित रूप से राशन नहीं मिल पा रहा है। अप्रैल माह भी बीत गया, लेकिन इस माह का राशन वितरण नहीं हुआ। स्थिति यह रही कि ग्रामीण पिछले तीन दिनों से सुबह 4 बजे से ही राशन दुकान के बाहर लाइन लगाकर खड़े रहे, बावजूद इसके उन्हें निराशा ही हाथ लगी।
ग्रामीण धनीराम प्रजापति ने बताया कि दुकान खोलने का कोई निश्चित समय नहीं है और संचालक की लापरवाही के कारण लोगों को महीनों से राशन नहीं मिल रहा। वहीं हितग्राही विमला और भुनेश्वरी ने भी आरोप लगाया कि वे लगातार कई दिनों से लाइन में लग रही हैं, लेकिन चावल तक नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि दुकान संचालक हरिंद्र प्रसाद राजवाड़े नियमों की अनदेखी कर मनमाने ढंग से दुकान संचालित कर रहे हैं। आरोप है कि वे महीने में केवल कुछ दिनों के लिए ही दुकान खोलते हैं, जबकि नियम के अनुसार पूरे माह राशन वितरण होना चाहिए। संचालक ने हालांकि आबंटन में समस्या का हवाला दिया, लेकिन ग्रामीणों ने इसे गलत बताया।घटना के बाद ग्रामीणों ने खाद्य विभाग में शिकायत करने की बात कही है।