तहसील पुरोला के रामा गांव के लोगों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर सड़क सुविधा की मांग की है।
रामा गांव के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि 22 वर्ष पूर्व लोनिवि ने पोरा कालोनी से रामा गांव तक 2 किमी मोटर मार्ग का समरेखण किया था। इसमें ग्रामीणों को प्रतिकर का भुगतान भी कर दिया गया है लेकिन अब तक निर्माण नहीं किया गया है। सामाजिक कार्यकर्ता गुलाब सिंह बिष्ट ने बताया कि रामा, बेष्टी गांव के लोग रामा गुन्दियांट गांव पुरोला मोटर मार्ग से तहसील मुख्यालय पहुंचते हैं। इस मोटर मार्ग की दूरी 15 किमी है जबकि रामा पोरा कालोनी दो किमी मोटर मार्ग के बन जाने से ग्रामीणों को पुरोला तहसील मुख्यालय तक पहुंचने में मात्र 7 किमी का सफर ही तय करना पड़ेगा। पोरा कालोनी से पुरोला तक 5 किमी मोटर मार्ग पहले ही बन चुका है। इस संबंध में कई बार लोनिवि के अभियंताओं को अवगत कराया गया लेकिन कोई भी ग्रामीणों की फरियाद सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र निर्माण नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।