कई दिनों बाद जिले में चटक धूप खिलने से लोगों को कड़ाके की ठंड से निजात मिली। मौसम से राहत मिलने पर ऊंचाई वाले क्षेत्रों की सड़कों पर यातायात बहाल होने के साथ ही बिजली आदि व्यवस्थाएं बहाल करने में कर्मी जुटे हैं। गंगोत्री हाईवे पर भी सुक्की से हर्षिल के बीच वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। हालांकि हर्षिल से आगे भारी बर्फ जमा होने और चांगथांग में विशाल हिमखंड के कारण बीआरओ गंगोत्री हाईवे पर अभी यातायात बहाल नहीं कर पाया है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि जिले के अधिकांश गांवों में बिजली एवं पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी गई है।