उत्तरकाशी में बर्फबारी के कारण बंद गंगोत्री हाईवे को खोलने में जुटी बीआरओ की टीम।
- फोटो : UTTER KASHI
उत्तरकाशी/बड़कोट। बर्फबारी के कारण गंगोत्री हाईवे पर झाला से गंगोत्री की ओर छह दिनों से आवाजाही बंद है। वहीं यमुनोत्री हाईवे पर तीन दिनों से हनुमानचट्टी से जानकीचट्टी आवाजाही ठप है। गंगोत्री हाईवे पर बीआरओ और यमुनोत्री पर एनएच की टीम आवाजाही बहाल करने के प्रयास में जुटे हुए हैं। बर्फबारी के कारण जिले के कुल 12 मोटरमार्गों पर आवाजाही बाधित हुई है। यमुनोत्री क्षेत्र के गीठ पट्टी के बारह गांवों के साथ सरबडियार पट्टी के आठ और ठकराल पट्टी के पांच गांव बर्फ के आगोश में हैं। गंगा घाटी के उपला टकनौर के आठ गांव भी बर्फ से ढके हुए हैं। वहीं, एनएच के अधिशासी अभियंता राजेश पंत का कहना है कि मौसम खराब होने से हाईवे को खोलने में परेशानी आ रही है।