ट्रांस हिमालय साइकलिंग एक्सपेडिशन के तहत रविवार को बड़कोट पहुंची श्रुति रावत व सबिता महतो का जय हो ग्रुप ने स्वागत किया।
एक्सपेडिशन के तहत उत्तरकाशी के गोरशाली भटवाड़ी निवासी श्रुति रावत व बिहार के छपरा निवासी सबिता महतो 5700 किमी की यात्रा पर हैं। यात्रा के दौरान वह अखंड हिमालय, स्वच्छ हिमालय, कर्तव्य गंगा व महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ आठ राज्य व नेपाल तक का सफर तय करेंगी। रविवार को बड़कोट पहुंची श्रुति व सबिता ने बताया कि अभियान की शुरुआत अटारी बॉर्डर पंजाब से हुई। जम्मू कश्मीर, पंजाब होते हुए वह उत्तराखंड पहुंचीं हैं। यहां त्यूनी पुरोला, बड़कोट, उत्तरकाशी, घनसाली, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ होते हुए नेपाल और फिर दार्जिलिंग, सिक्किम व असम जाएंगी। अभियान का समापन अरुणाचल प्रदेश में होगा। इस मौके पर जय हो ग्रुप के अजय रावत, विनोद नौटियाल, प्रवेश रावत, मुकेश राणा आदि मौजूद रहे। संवाद