जिला प्रशासन ने दो कांग्रेस नेताओं व एक भाजपा नेता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। तीनों पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप है।
बीते मंगलवार को कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण की बैठक का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक ने कांग्रेस पर बिना अनुमति के सार्वजनिक भवन का प्रयोग करने, कोविड मानकों व धारा 144 का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था। वीडियो का संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने पूर्व विधायक सजवाण व कांग्रेस के जिलाध्यक्ष जगमोहन रावत को आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसके अलावा भाजपा नेता शांति गोपाल रावत को भी नोटिस भेजा गया है। बताया जा रहा है कि शांति गोपाल रावत के समर्थकों ने सोशल मीडिया में एक गाने का वीडियो वायरल किया है, जो आचार संहिता का उल्लंघन कर रहा है। एसडीएम सीएस चौहान ने बताया कि आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में उक्त तीनों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है।