बीते बुधवार को गांव के एक युवक की स्मैक के नशे के कारण मौत के बाद नैटवाड़ की महिलाओं ने गांव में स्मैक, अफीम, चरस एवं शराब पीने पर प्रतिबंध लगा दिया है। उन्होंने इसमें पुलिस से सहयोग की मांग की। पुलिस ने स्मैक के नशे में पाए गए मृतक के तीन अन्य साथियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बता दें कि नौ मार्च को पुलिस ने खरसाड़ी के पास नशे में धुत्त चार युवकों को हिरासत में लिया था। इनमें से नैटवाड़ गांव के एक युवक की मौत हो गई थी। मृतक स्मैक के नशे का आदी बताया जा रहा है।
घटना से सबक लेते हुए नैटवाड़ गांव की महिलाओं ने नशे के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। बृहस्पतिवार को क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन रावत के नेतृत्व में मोरी थाने पहुंची महिलाओं ने कहा कि उन्होंने गांव में स्मैक, अफीम, चरस एवं शराब पीना प्रतिबंधित कर दिया है, जो भी गांव में नशा करता पाया जाएगा, वे उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर देंगी। उन्होंने पुलिस से मामले में सहयोग की मांग की।
महिलाओं ने नैटवाड़ में पुलिस चौकी खोलने, थातरू बाजार आदि क्षेत्रों में हो रही स्मैक की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। एसआई संतराम भट्ट ने ग्रामीणों को नशे के खिलाफ अभियान में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि मृत युवक के साथी जयेंद्र सिंह, सुनील एवं सुनीलदास को स्मैक का नशा करने के आरोप में गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है।