जिला अस्पताल में प्रसूता की मौत संबंधी मामले में अस्पताल प्रशासन के साथ ही जिला स्वास्थ्य विभाग ने भी जांच कमेटी गठित कर दी है।
कुछ दिन पूर्व जिला अस्पताल में एक प्रसूता की ऑपरेशन के बाद मौत हो गई थी। प्रसूता ने ऑपरेशन से एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया था। प्रसूता के परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सीएमएस का घेराव किया था। अब जिला चिकित्सालय प्रशासन ने मौत संबंधी मामले में जांच कमेटी गठित कर दी है। जिला अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डॉ. एसडी सकलानी ने बताया कि चार चिकित्सकों की टीम बनाई गई है। इसमें रेडियोलॉजिस्ट, फिजिशियन, महिला चिकित्साधिकारी व आर्थो डॉक्टर शामिल हैं। इसके अलावा सीएमएस की ओर से भी एक कमेटी का गठन किया गया है। इसमें छह लोग शामिल हैं। सीएमएस ने बताया कि जल्द जांच रिपोर्ट तैयार कर ली जाएगी।