यमुनाघाटी में लगातार हो रही बारिश के कारण बरसाती गदेरे और नाले उफान पर हैं। इससे गदेरे के समीप कई आवासीय भवनों के आंगन की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है। साथ ही आवासीय भवनों को भी खतरा बढ़ गया है। दो दिन से रुक-रुककर हो रही मूसलाधार बारिश के कारण विकासखंड नौगांव के मोल्डा गांव में बचन सिंह के भवन के आंगन की दीवार टूटने से पैदल रास्ता क्षतिग्रस्त हो गया। बचन सिंह ने बताया कि मंगलवार तड़के हुई भारी बारिश से उनके आवासीय भवन के आगे की दीवार ढह गई है। इससे भवन भी खतरे की जद में आ गया है। उधर, राजगढ़ी मार्ग पर बनाल गडोली खड्ड उफान पर आने से आवाजाही बाधित रही। वहीं गंगनानी में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के पास भी एक बरसाती गदेरा उफान पर आने से आवासीय विद्यालय का रास्ता भी जोखिमभरा हो गया है।