पेपर लीक प्रकरण में जेल में बंद हाकम सिंह की मुसीबतें कम नहीं हो रही है। प्रशासन ने सरकारी भूमि पर बने हाकम सिंह के तीन भवनों को खाली करने के आदेश जारी किए हैं। निर्धारित समयावधि पर भवन खाली नहीं किए गए तो प्रशासन ध्वस्त करेगा।
बीते चार अक्तूबर को गोविंद वन्य जीव विहार ने वन विभाग की भूमि पर हाकम सिंह द्वारा बनाए गए दो रिजॉर्ट ध्वस्त किए थे। अब राजस्व विभाग ने भी हाकम के तीन भवनों को खाली करने के आदेश दिए हैं। उक्त तीनों भवन सरकारी भूमि पर बनाए गए हैं। एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि हाईकोर्ट ने निर्देश दिए थे कि यदि भवन संबंधित पक्ष की भूमि पर बनाए गए हैं तो कोई कार्रवाई न की जाए और यदि सरकारी भूमि पर हैं तो इन्हें ध्वस्त कर तोड़ने का खर्चा भी संबंधित पक्ष से लिया जाए। एसडीएम ने बताया कि भवन सरकारी भूमि पर बनाए गए हैं। संबंधित पक्ष को खाली करने के आदेश जारी किए गए हैं।