चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों की पदोन्नति समेत अन्य मांगों का निस्तारण नहीं होने पर चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी संघ ने रोष व्यक्त किया है। संगठन के अध्यक्ष अर्जुन पडियार ने कहा कि संगठन द्वारा लंबे समय से चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों को टेक्निकल घोषित करने, पदोन्नति करने, पौष्टिक आहार भत्ता देने, ग्रेड पे 4200 रुपये करने व एक माह का अतिरिक्त वेतन देने की मांग की जा रही है, लेकिन शासन प्रशासन की तरफ से इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे सभी कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। विरोध स्वरूप कर्मचारियों ने बीते बृहस्पतिवार से ड्यूटी के दौरान अन्न जल का त्याग कर दिया है। विरोध जताने वालों में महेंद्र पडियार, संजय आर्य, प्रदीप असवाल, जोगेंद्र पडियार, प्यारे लाल, बिहारी लाल, विजयपाल, शैलेंद्री सेमवाल आदि कर्मचारी शामिल रहे।