चिन्यालीसौड़। उत्तराखंड विद्युत अधिकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के निर्देशानुसार शुक्रवार को धरासू विद्युत गृह में अधिकारियों, कर्मचारियों व उपनल कर्मियों ने गेट मीटिंग कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान ऊर्जा के तीनों निगम प्रबंधन को दिए गए 19 सूत्रीय मांगपत्र व जल विद्युत परियोजनाओं की भूमि अन्य व्यावसायिक कार्यों के लिए दिए जाने के विरोध में कर्मचारियों ने अपनी नाराजगी जताई। संघर्ष मोर्चा से जुड़े कर्मचारियों की ओर से विद्युत वितरण कंपनियों के निजीकरण के शासनादेश का भी विरोध किया गया। गेट मीटिंग में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए सरकार और शासन के प्रति रोष प्रकट किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 19 सूत्रीय मांगें पूरी नहीं की गईं तो पूरे प्रदेश में संघर्ष मोर्चा के चरणबद्ध कार्यक्रम के तहत उग्र आंदोलन किया जाएगा। सभा का संचालन अवर अभियंता जगदीश नौटियाल ने किया, जबकि अध्यक्षता सहायक अभियंता संदीप नेगी ने की। इस अवसर पर अमित चौधरी, कमला राणा, दीक्षा चौहान, किशोर सिंह, नितिन कुमार, प्रदीप बागड़ी, इकमल सिंह, कामेश, सावन सिंह, अरशद अली खान, हेमंत, भुवन चंद्र, कंचन, विनोद चौहान, कुलवीर राणा सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।