जानकीचट्टी-फूलचट्टी के बीच यमुनोत्री हाईवे पर बीते रोज हुए वाहन हादसे में लापता युवक का शव शनिवार को बरामद कर लिया गया।
बीते शुक्रवार सुबह जानकीचट्टी से बड़कोट की तरफ आ रहा पिकअप ट्रक जानकीचट्टी-फूलचट्टी के बीच अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया था। हादसे में वाहन में सवार दो लोगों के शव शुक्रवार को ही बरामद कर लिए गए थे, जबकि तीसरे व्यक्ति को कुछ पता नहीं चल पाया था। पुलिस, एसडीआरएफ एवं अग्निशमन विभाग की टीमों ने शनिवार को एक बार फिर से रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद सुबह करीब 11 बजे सुरेंद्र सिंह (24) पुत्र जगमोहन सिंह निवासी स्यानाचट्टी कुंसाला का शव घटना स्थल से आधा किमी दूर यमुना नदी में पड़ा मिला, जिसे पोस्टमार्टम के लिए नौगांव स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष डीएस कोहली ने बताया कि प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण ट्रक की रफ्तार तेज होना मिला है।