उत्तरकाशी। बीते जून में एक नाबालिग लड़की को बहला फुसला कर भगा ले गए युवक को पुलिस ने सोलन हिमाचल प्रदेश के एक गांव से गिरफ्तार कर लिया है। युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे नई टिहरी जेल भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष महादेव उनियाल ने बताया कि बीते जून में क्षेत्र के एक गांव में खच्चर मजदूर का काम करने वाला सिरमौर हिमाचल के अंजी वासनी गांव निवासी वीर सिंह खच्चर मालिक की नाबालिग लड़की को बहला फुसला कर भगा ले गया था। मामले में परिजनों ने 27 जून को कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करायी थी। इसमें पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी। सोमवार को पुलिस टीम ने आरोपी वीर सिंह को सोलन हिमाचल में तामती काली मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को भगाई गई लड़की भी मिल गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को एसआई धनंजय कुमार एवं शाहिदा परवीन, कांस्टेबल उत्सव सैनी, ओसाफ खान व अरविंद जयाड़ा ने गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक ददन पाल ने पुलिस टीम को 2500 रुपये के इनाम की घोषणा की है।