चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी)। ब्लाक के बधाणगांव में दिल्ली की एक कंपनी के एजेंट ग्रामीणों को कम कीमत पर बाइक व वाशिंग मशीन देने का झांसा देकर डेढ़-डेढ़ हजार रुपये में सर्फ थमाकर भाग गए।
बधाणगांव निवासी जगवीर असवाल ने बताया कि बीते 28 अक्तूबर को कुछ युवक गांव में आए और उन्होंने ग्रामीणों को महज 1500 रुपये में बाइक व 650 रुपये में वाशिंग मशीन देने का लालच दिया। ठगों ने गांव के घौकरू लाल, दिनेश चंद, पुलम सिंह असवाल, अनीता असवाल, मंजू देवी, रीना देवी से पैसे ऐंठ कर उन्हें एक-एक किलो सर्फ थमा दिया। एक माह बाद बाइक व वाशिंग मशीन पहुंचाने का वादा करके ठगों ने ग्रामीणों को आईवा इंटरनेशनल कंपनी जनकपुरी दिल्ली के नाम की रसीद भी दी। दो माह बीतने के बाद भी युवक नहीं लौटे। रसीद पर दर्ज फोन नंबरों पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। लालच में फंसकर अपनी गांठ का पैसा गवांने वाले ग्रामीण अब किसी से इसकी शिकायत भी नहीं कर पा रहे हैं।
नायब तहसीलदार चक्रधर सेमवाल का कहना है कि बधाणगांव क्षेत्र से ठगी की सूचना नहीं मिली है। ग्रामीण क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना दें, तो ठगी के मामलों पर रोक लगाई जा सकती है।