कंकराड़ी गांव में 18 जून से लापता युवक का शव बरामद हो गया है। युवक उफनते गदेरे की चपेट में आ गया था। एनडीआरफ सर्च अभियान चला रही थी।
18 जून को क्षेत्र में बादल फटने से कंकराड़ी गदेरे में उफान आ गया था। इससे खेत में पानी लगाने गया गांव का युवक लापता हो गया था। सुमन की तलाश में एनडीआरएफ क्षेत्र में सर्च अभियान चला रही थी। एनडीआरएफ कमांडर आरएस राणा ने बताया कि युवक के शव को साड़ा के निकट इंद्रावती नदी के मुहाने से बरामद किया गया है। सुमन परिवार में सबसे बड़ा था। परिवार की सारी जिम्मेदारी भी सुमन पर ही थी। परिजन सुमन की शादी पर विचार कर रहे थे। नजदीकी रिश्तेदार शंभू गुसाई ने बताया कि परिजन नवंबर माह तक सुमन की शादी करना चाह रहे थे।