उत्तरकाशी। बड़ेथी-तेखला बाईपास रोड निर्माण के दौरान दोमंजिला आवासीय भवन ध्वस्त होने के बाद से विजयराम उनियाल का परिवार मुआवजे के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं, लेकिन7 उन्हें अभी तक मुआवजा नहीं दिया गया। वरुणावत पैकेज के तहत बड़ेथी-तेखला बाईपास रोड का निर्माण कराया जा रहा है, 14 जुलाई 2011 में सड़क निर्माण के दौरान बोल्डर और मलबा गिरने से मांडो गांव निवासी विजयराम उनियाल का दोमंजिला भवन ध्वस्त हो गया था। हादसे में 13 सदस्यीय परिवार बेघर हो गया। तब से यह परिवार किराए के भवन में रह रहा है, लेकिन अभी तक उन्हें मुआवजा नहीं दिया गया। पीड़ित विजयराम उनियाल ने बताया कि प्रशासन ने उनके भवन की क्षति का आंकलन 21,03,332 रुपये कराया था, लेकिन अभी तक मुआवजा नहीं दिया गया। उन्होंने प्रमुख सचिव आपदा प्रबंधन को पत्र लिखकर इस संबंध में त्वरित कार्रवाई की मांग की है। एडीएम बीके मिश्रा ने कहा कि भवन की क्षति का आंकलन कर इस्टीमेट शासन को भेजा है। शासन से स्वीकृति मिलते ही मुआवजा दे दिया जाएगा।