उत्तरकाशी। नमामि गंगे परियोजना के कार्यों की समीक्षा को लेकर अधिकारियों की ओर से शनिवार को जिला सभागार में बैठक हुई, जिसमें डीएम डॉ. आशीष चौहान ने गंगा नदी को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए कूड़ा प्रबंधन के ठोस इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने पालिका बाड़ाहाट को मानसून सीजन से पहले नगर के सभी नालों व नालियों की सफाई कराने को कहा। साथ ही अजैविक कूड़े को निस्तारण के लिए रिसाइकिलिंग प्लांट में भेजने के आदेश दिए। वहीं पालिका चिन्यालीसौड़ को कूड़ा निस्तारण प्लांट में मशीन स्थापित करने से पूर्व मानकों के अनुसार सारी व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने गंगोत्री धाम व जिला मुख्यालय क्षेत्र में जैविक अजैविक कूड़ा अलग-अलग एकत्र करने के लिए नीले व हरे रंग के कूड़ेदान लगाने के निर्देश दिए। बैठक में डीएफओ संदीप कुमार, एसडीएम आकाश जोशी, महाप्रबंधक उद्योग विभाग एसएस रावत, स्वजल के पर्यावरण विशेषज्ञ लोकेंद्र चौहान आदि मौजूद रहे।