बड़कोट। लगातार आसमान छू रहे तापमान के बीच मंगलवार देर रात को जिले के विभिन्न हिस्सों में बारिश हुई, जबकि गंगोत्री व यमुनोत्री धाम की ऊंचाई वाली पहाड़ियों पर बर्फ की हल्की फुहारें भी पड़ीं। जिससे गर्मी के प्रकोप से परेशान जनपद वासियों को कुछ राहत मिली है। हालांकि बारिश के साथ चली तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर घंटों तक विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। यमुना घाटी के खरसाली गांव में चली तेज हवाओं से कई भवनों की छतें उड़ गई। गांव के प्यारे लाल उनियाल, कुलदीप उनियाल आदि लोगों ने बताया कि मंगलवार रात चली तेज आंधी में पंचायत भवन की टिन की छत पूरी तरह उखड़ कर पलट गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक अन्य भवनों की छतें भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई हैं।