उत्तरकाशी। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण करने के लिए शुक्रवार को जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें डीएम डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने व सड़कों पर मौजूद डेंजर प्वाइंट के कारण कई हादसे हो रहे हैं। इसे रोकने के लिए उन्होंने एनएच, बीआरओ व लोनिवि आदि विभागों को सभी सड़कों पर सुरक्षात्मक कार्य करने व सूचना पट लगाने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस व परिवहन विभाग को नियमित चेकिंग अभियान चलाने के भी आदेश दिए। उन्होंने शराब पीकर व तेज गति से वाहन चलाने वालों पर खास नजर रखने के लिए एल्कोमीटर तथा स्पीडगन का प्रयोग करने को कहा। वहीं बिना हेलमेट के गाड़ी चलाने वालों का चालान कर उनके वाहन सीज करने के भी निर्देश दिए। बैठक में एसपी पंकज भट्ट, बीआरओ के कमान अधिकारी मेजर सत्यजीत मोहंती, एआरटीओ चक्रपाणि मिश्र व आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल आदि मौजूद रहे।