उत्तरकाशी। इंडो-नेपाल एवरेस्ट एक्सपीडिशन की रजत जयंती पर दल के पूर्व सदस्यों द्वारा ट्रेकिंग अभियान आयोजित किया जा रहा है, जिससे विगत 12 अप्रैल को दल के सदस्यों ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात कर उन्हें अभियान की जानकारी दी। सदस्यों ने बताया कि वर्ष 1993 में भारत व नेपाल की महिलाओं के संयुक्त दल ने एवरेस्ट पर्वत पर फतह हासिल की थी। इस अभूतपूर्ण क्षण की यादों को ताजा करने के लिए बछेंद्री पाल, चंद्रप्रभा एतवाल, सुमन कुटियाल, हर्षा रावत आदि महिलाओं का 11 सदस्यीय दल एवरेस्ट के उसी रूट की दोबारा यात्रा करेगा। 12 दिवसीय अभियान के दौरान दल के सदस्य नेपाल के लुकला से 2790 मीटर की ऊंचाई पर स्थित खुमजुंग क्षेत्र तक ट्रेकिंग करेगा। इस दौरान राष्ट्रपति ने दल को शुभकामनाएं देते हुए सभी से युवाओं के लिए प्ररेणा स्रोत बनने का आह्वान किया। साथ ही बालिकाओं को उनके सपनों को साकार करने में मदद प्रदान करने की अपील की।