उत्तरकाशी। मतदान की तिथि निकट आने के साथ ही भाजपा ने चुनाव प्रचार अभियान में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। गंगोत्री विधायक गोपाल रावत के साथ ही अन्य वरिष्ठ भाजपाई गांव-गांव पहुंचकर प्रचार अभियान में जुटे हैं। विधायक गोपाल रावत ने भटवाड़ी प्रखंड में जनसंपर्क कर केंद्र में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनाने के लिए लोगों से भाजपा प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी शाह को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। इधर, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बुद्धि सिंह पंवार, महेश पंवार, हरि सिंह गुसाईं, डा. चंडी प्रसाद भट्ट, उत्तम गुसाईं, गिरीश रमोला आदि ने गाजणा क्षेत्र के गांवों का भ्रमण कर लोगों से भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की। जीएमवीएन के निदेशक लोकेंद्र बिष्ट ने बरसाली क्षेत्र के गांवों में भ्रमण कर लोगों से भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट मांगे। मंगलवार दोपहर में भाजपाइयों ने नगर में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने नरेंद्र मोदी को एक बार फिर भारत का प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की। इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, जयवीर चौहान, बुद्धि सिंह पंवार, जयवीर चौहान, पवना सेमवाल आदि मौजूद रहे।