पुरोला। मोरी ब्लाक में छिबाड़िया खड्ड के पास एक टैक्सी वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से नौ लोग घायल हो गए। इनमें से दो गंभीर घायलों को देहरादून रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम को मोरी से जखोल जा रहा टैक्सी वाहन नैटवाड़ के पास छिबड़िया खड्ड में अनियंत्रित होकर करीब पचास मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में कोटगांव निवासी बिहारी दास, उसकी बेटी सरिता और बेटा नरेश दास, कलापगांव निवासी चतर सिंह एवं प्रह्लाद सिंह, गेंचवाणगांव के ब्रहसत सिंह, ओसला गांव की पसमीना एवं झोटाड़ी गांव के काशीनाथ तथा क्षेत्र में फेरी व्यवसाय करने वाला सलीम सकड़ घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी पहुंचाया। हादसे में गंभीर रूप से घायल काशीनाथ एवं सलीम सकड़ को हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया गया। शेष घायलों की हालत खतरे से बाहर है। ब्यूरो