उत्तरकाशी। आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रविवार को डीएम डा.आशीष चौहान ने अधिकारियों के साथ बैठक की। जिला सभागार में हुई बैठक में डीएम ने स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाताओं को जागरूक कर सभी के नाम मतदाता सूचियों में दर्ज कराने और उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने ऐसे गांव जहां पिछले चुनाव में दिव्यांग व महिला वोटरों का मत प्रतिशत कम रहा हो, वहां विशेष जागरूकता अभियान चलाने के भी आदेश दिए। जिसके तहत नोडल अधिकारियों को 20-20 गांवों का चयन करके वहां जागरूकता अभियान चलाने एवं महिला व युवा वोटरों की संख्या बढ़ाने को कहा। साथ ही वीवीपैट मशीन से संबंधित छोटी वीडियो क्लिप बनाकर सोशल मीडिया के जरिए प्रचारित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पोलिंग बूथों में दिव्यांगों के लिए रैंप, शौचालय, पेयजल, बिजली आदि संसाधनों की व्यवस्थाओं पर आधारित रिपोर्ट तीन दिन के भीतर देने को कहा। जबकि संचार तंत्र, कार्मिक वेलफेयर प्लान, प्रशिक्षण प्लान आदि रिपोर्ट एक सप्ताह में देने के आदेश दिए।