पुरोला। अप्रशिक्षितों को प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) में ड्यूटी दिए जाने के विरोध में प्रशिक्षित पीआरडी हितकारी संगठन ने मोरी ब्लाक कार्यालय के गेट पर तालाबंदी कर रोष जताया। संगठन के जिलाध्यक्ष किशन रावत ने बताया कि पुरोला एवं मोरी क्षेत्र में बड़ी संख्या में प्रशिक्षित पीआरडी जवान बेरोजगार घूम रहे हैं, जबकि अप्रशिक्षित लोगों को पीआरडी में ड्यूटी पर लगाया जा रहा है। बुधवार को आक्रोशित जवानों ने ब्लाक कार्यालय के गेट पर तालाबंदी कर रोष जताया। इस मौके पर संगठन के ब्लाक अध्यक्ष किशन सिंह, वीरेंद्र सिंह, सुरेंद्र नेगी, रमेश, शीशपाल, कीर्ति लाल, उर्मिला देवी, कला देवी, पंच्या राम आदि मौजूद रहे।