उत्तरकाशी। दमकल विभाग की ओर से मसीह दिलासा स्कूल में मॉक ड्रिल का आयोजन कर स्कूली बच्चों को आग लगने अथवा कोई हादसा होने पर बचाव के गुर सिखाए गए। पुलिस महानिरीक्षक अग्निशमन एवं आपात सेवा के निर्देश पर सोमवार को जिले के अग्निशमन विभाग की ओर से मसीह दिलासा स्कूल में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें अग्निशमन अधिकारी रमेश चंद्र गौतम ने छात्र-छात्राओं को आग लगने तथा कोई हादसा होने के हालात की जानकारी देते हुए बचाव के तौर तरीकों की जानकारी दी। स्कूल के प्रबंधक फादर सीरियक ने अग्निशमन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए बच्चों को मॉक ड्रिल में सीखे गए गुरों को आपात स्थितियों में अपनाने की सलाह दी। इस मौके पर गंभीर सिंह, प्रमोद ठाकुर, जयदीप सिंह, संजय कुमार, अरुण जयाड़ा, दिनेश चौहान, शाहबाज अली, प्रदीप सिंह, सुशील रावत, सुमन दास आदि मौजूद थे।