उत्तरकाशी। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम डा. आशीष चौहान ने निकाय चुनाव में आगामी 18 नवंबर को मतदान से 48 घंटे पूर्व सार्वजनिक चुनाव प्रचार को पूर्णत: बंद करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 16 नवंबर की शाम पांच बजे के बाद सार्वजनिक सभा व प्रचार करने वाले प्रत्याशी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को राजकीय महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में मतगणना प्रक्रिया में लगे सभी 200 कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि 16 तारीख को मतदान कार्मिकों को द्वितीय चरण का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने सभी पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों तथा मतगणना कार्मिकों को अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण में शामिल होने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत करने की अपील की है।