उत्तरकाशी। श्री युवा आदर्श रामलीला समिति लदाड़ी द्वारा आयोजित रामलीला में बीती रात राम सीता विवाह के दृश्य का मंचन किया गया। रामायण के इस अध्याय का मंचन करने के लिए डांग गांव को माता सीता के मायके मिथिला नगरी में परिवर्तित किया गया, जबकि अयोध्या के रूप में सजाए गए लदाड़ी क्षेत्र से श्रीराम की बारात निकाली गई। ढोल नगाड़ों व पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर निकाली गई राम बारात में क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए। इस बीच मिथिला नगरी पहुंचने पर डांग के ग्रामीणों ने राम बारात का स्वागत कर सामूहिक भोज का आयोजन किया। इस मौके पर शूरवीर सिंह राणा, देवेंद्र नाथ, बीना पंवार, चतर सिंह गुसाईं, रजनी नाथ, बीना राणा, किशोरी बिष्ट, ममराज गुसाईं, राकेश गुसाईं, बचन सिंह कलूड़ा, दिवाकर भट्ट आदि मौजूद रहे।