उत्तरकाशी। जिला प्रशासन की ओर से पहली बार आयोजित किए जा रहे दो दिवसीय हर्षिल एप्पल फेस्टिवल का एक-दो अक्तूबर को आयोजन किया जाएगा।
उपला टकनौर क्षेत्र में उगाए जा रहे सेब को पहचान दिलाने व सेब काश्तकारों की आय में वृद्धि करने के लिए आयोजित समारोह को लेकर सोमवार को बैठक हुई, जिसमें डीएम डा. आशीष चौहान ने आयोजन के लिए समितियों का गठन कर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। समारोह की कोर कमेटी में मुख्य उद्यान अधिकारी, कृषि रक्षा अधिकारी, कृषि व भूमि संरक्षण अधिकारी, सहायक उद्यान अधिकारी सहित नासिर अली, डा. पंकज बिजल्वाण, शैलेंद्र उनियाल, रामेंद्र पंवार तथा माधवेंद्र सिंह को नामित किया गया है। प्रतियोगिता निर्णायक समिति में जिला विकास अधिकारी, मुख्य कृषि अधिकारी व मुख्य उद्यान अधिकारी को शामिल किया गया है। विपणन व क्रेता/विक्रेता के समन्वय हेतु मुख्य उद्यान अधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी व सहायक उद्यान अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्वच्छता निगरानी का जिम्मा अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, जिला पंचायतराज अधिकारी एवं परियोजना प्रबंधक स्वजल को सौंपा गया है।