उत्तरकाशी। बृहस्पतिवार को राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार पड़ने की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया है। डीएम के निर्देश पर एसडीएम भटवाड़ी देवेंद्र नेगी ने विद्यालय पहुंचकर पड़ताल की। उन्होंने बताया कि बच्चे सामान्य रूप से बीमार थे और उपचार के बाद स्थिति नियंत्रण में है। स्वास्थ्य विभाग की टीम को इस पर निरंतर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालय में कमरों की कमी को देखते हुए इंटर कालेज परिसर में बनकर तैयार हो चुके कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के हॉस्टल को टेकओवर कर फिलहाल इसमें इन छात्र-छात्राओं के रहने की व्यवस्था की जाएगी। राजीव गांधी नवोदय विद्यालय एवं छात्रावास का निर्माण किन कारणों से अटका हुआ है, इसकी जानकारी जुटाकर जल्द ही इस पर भी कार्रवाई की जाएगी।