उत्तरकाशी। भटवाड़ी तहसील के हीना निवासी रजनीश देव मखलोगा ने धान की मंडाई के लिए थ्रेशर मशीन बनाने का दावा किया है। उनका कहना है कि इस मशीन की मदद से धान की मंडाई करना आसान होगा। रजनीश ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि उन्होंने अक्तूबर 2016 में थ्रेशर मशीन का डिजाइन तैयार करने के बाद ज्ञानसू निवासी दीपक राजकोटी के सहयोग से जुलाई 2017 में मशीन तैयार की। मशीन को बनाने में उनका करीब 18 से 20 हजार रुपये का खर्चा आया है। वे अब तक नेताला और गणेशपुर क्षेत्र में छह लोगों को यह मशीन बेच चुके हैं। उनका दावा है कि 6.50 हर्टस इंजन वाली यह मशीन एक लीटर पेट्रोल से करीब तीन घंटे लगातार चल सकती है। मशीन का वजन 35 से 40 किलो होने की वजह से दो लोग आसानी से इसे कहीं भी ले जा सकते हैं। मशीन का प्रयोग कर रही अंबेश्वरी पुरी, बिंद्रा रावत ने बताया कि मशीन की मदद से उनके 12 घंटों का काम केवल एक घंटे में पूरा हो जाता है। ब्यूरो