काशीपुर में एक युवक का शव अपने घर में पंखे के कुंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। चर्चाओं के अनुसार एक विवाहित महिला से प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्राम खानपुर, मुरादाबाद निवासी टीकाराम सैनी का परिवार यहां ढकिया गुलाबों में रहता है। शनिवार की रात टीकाराम की पत्नी पूनम व उसकी छोटी बेटी गायत्री खाना खाने के बाद बाहर टहलने के लिए गईं थी। कुछ देर बाद पूनम घर वापस लौटी तो उसने बेटे करन सैनी (18) का शव कमरे में पंखे के कुंदे से लटका देखा। जिस पर रोने चीखने लगी। आवाजें सुनकर आसपास के लोग मौके पर आ गए। सूचना पर एसआई कंचन पडलिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया है। मृतक का एक बड़ा भाई व तीन शादीशुदा बहनें भी हैं। चर्चा है कि एक विवाहित महिला से प्रेम प्रसंग के चलते करन ने आत्महत्या की है। प्रेम प्रसंग के चलते करीब दो माह पूर्व वह एक विवाहिता को भगा ले गया था। जिसे महिला का पति खोज लाया। उसके बाद से करन सैनी गुमशुम चल रहा था। वारदात से पहले करन ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट से सभी पोस्ट हटा दी थीं। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।