नानकमत्ता। एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरजनपदीय तस्कर को 151.17 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। सीओ खटीमा विमल रावत और एसटीएफ के सीओ परवेज अली ने बताया कि संयुक्त टीम ने नानक सागर के समीप साहनी पौधशाला के पास बिना नंबर की बाइक से आ रहे युवक को दबोच लिया। युवक की जेब से 151.17 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम बलदेव सिंह निवासी गुलाब सिंह का माजरा, थाना केलाखेड़ा बताया। आरोपी ने बताया कि वह नानकमत्ता निवासी युवक और उसकी मां से हेरोइन खरीदकर क्षेत्र में बेचता है। उस पर यूपी के जिला रामपुर के थाना मिलक, थाना केलाखेड़ा व गदरपुर में पहले से ही रिपोर्ट दर्ज हैं। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बाइक को सीज करते हुए आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया।