काशीपुर में तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार युवती की मौत हो गई जबकि उसकी बुआ गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
न्यू आवास-विकास एलआईसी दफ्तर के पास रहने वाले सेवानिवृत्त शिक्षक खूब राम की इकलौती बेटी नेहा चौहान (28) अपनी बुआ नीलम चौहान (33) के साथ सोमवार दोपहर रामनगर रोड स्थित एक होटल में गई थी। वहां से लौटते समय रामनगर रोड पर निर्माणाधीन आरओबी के पास स्थित एक निजी अस्पताल के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए पीछे से स्कूटी में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से स्कूटी सवार नेहा और नीलम सड़क पर गिर गईं। हादसे के बाद कार चालक ने भागने के प्रयास में नेहा चौहान के पेट और उसकी बुआ नीलम चौहान के पैर के ऊपर से कार निकाल दी। हादसे में नेहा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि नीलम गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने घटनास्थल के पास ही स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं बताया जा रहा है कार चालक भागने के प्रयास में निर्माणाधीन आरओबी से टकरा गया। हादसे के बाद कार में सवार दो लोग भाग निकले।
उधर एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय पहुंचे मृतका के भाई एवं तुलाराम राजाराम सरस्वती विद्यालय इंटर कॉलेज में कंप्यूटर के शिक्षक प्रशांत चौहान ने बताया कि नेहा वर्तमान में टीचिंग की पढ़ाई कर रही थी। उन्होंने बताया कि परिवार बहन के रिश्ते की तैयारी में लगा था। हादसे से मृतका की माता सरोज देवी और पिता खूब राम और भाई प्रशांत का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर पुलिस ने हादसे का कारण बनी कार को कब्जे में ले लिया। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।