बिजली के शॉर्ट सर्किट से जली श्रमिक की झोपड़ी।
- फोटो : AMAR UJALA
रुद्रपुर। बिजली के शॉर्ट सर्किट से एक श्रमिक की झोपड़ी में देर रात आग लग गई। आग की चपेट में आने से दो मवेशी झुलस गए, जबकि परिजनों ने भागकर अपनी जान बचाई। आग से परिवार को 60 हजार रूपये से अधिक का नुकसान हुआ है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता भरत भूषण चुघ ने मौके पर पहुंचकर परिवार को राशन देने के साथ ही हरसम्भव मदद का भरोसा दिया। गदरपुर रोड स्थित बागवाला गांव में देर रात दो बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से फितरुराम की झोपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। परिवार की नींद खुलने पर उन्होंने जल्दबाजी में कुछ सामान व मवेशियों को बाहर निकाला। आग की लपटें तेज होने पर दो मवेशी झुलस गए। परिजनों ने आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले झोपड़ी जलकर राख हो गई थी। पीड़ित फितरुराम के अनुसार आग से राशन, बिस्तर, टीवी, चारपाई, बर्तन समेत कई जरूरी कागजात जल गए जिससे उसे 60 हजार से अधिक का नुकसान हुआ है। एफएसओ रामथारी यादव ने बताया कि नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है।