बाजपुर। एक फैक्टरी प्रबंधन पर बिना नोटिस दिए हटाने का आरोप लगाते हुए श्रमिकों ने बाजपुर स्थित श्रम विभाग के दफ्तर पर प्रदर्शन किया। श्रमिकों ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई।
सुल्तानपुर पट्टी के गांव पिपलिया स्थित एटीई पावर कनेक्शन्स प्राइवेट लिमिटेड के श्रमिक एकत्र होकर बुधवार को बाजपुर स्थित श्रम विभाग के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने फैक्टरी प्रबंधन पर बिना नोटिस के हटाने और तीन माह का एडवांस धनराशि देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। श्रमिकों का कहना था कि वे वर्ष 2018 से ठेका प्रथा के अंतर्गत नौकरी करते आ रहे हैं। ठेकेदार के माध्यम से श्रमिकों के वेतन से पांच सौ रुपये प्रति माह फंड भी काटा गया लेकिन वेतन से काटी गई धनराशि उनके खाते में जमा नहीं हुई।
श्रमिकों का आरोप है कि मंगलवार शाम फैक्टरी प्रबंधन की ओर से फैक्टरी का सामान वाहनों में भरकर ले जाने की तैयारी की जा रही थी जिस पर श्रमिकों ने वाहनों को रोक कर हंगामा किया। फैक्टरी को नोयडा में शिफ्ट किया जा रहा है। श्रमिकों ने इस संबंध में श्रम प्रवर्तन अधिकारी एमसी बेलवान को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शुभम, प्रकाश, अरविंद, चंद्रपाल, पूजा, निशा, आरती, ममता, गीता, जसप्रती, राधा आदि मौजूद रहे। संवाद
कोट
संबंधित फैक्टरी प्रबंधक को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। उनके संज्ञान में आया है कि श्रमिक फैक्टरी में ठेकेदार के माध्यम से काम करते हैं। पूरे प्रकरण से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। - एमसी बेलवान श्रम प्रर्वतन अधिकरी बाजपुर
कोट
फैक्टरी बंद नहीं की गई। नोयडा शिफ्ट की जा रही है। क्षमतानुसार श्रमिकों को काम दिए जाने के लिए कहा गया। कंपनी के व्हाट्सएप ग्रुप में भी श्रमिकों को अवगत कराया गया है। - वीर सिंह, ऑपरेशन मैनेजर, एटीई पावर कनेक्शन्स प्राइवेट लिमिटेड