काशीपुर। राधेश्याम बिल्डिंग के पास और रेलवे स्टेशन के पास क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर ह्यूम पाइप पुलिया निर्माण के चलते भारी वाहनों की आवाजाही रात 8 बजे से 20 दिसंबर तक पूर्णत: बंद रहेगी। वहीं लोनिवि ने ह्यूम पाइप डालने का काम शुरू करा दिया है। सहायक अभियंता तृतीय निर्माण खंड लोनिवि के एई परवेज आलम ने बताया कि 20 दिसंबर तक टांडा तिराहा से महाराणा प्रताप चौक तक नाला निर्माण कार्य के लिए रात आठ बजे से भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। बताया कि हरिद्वार-काशीपुर-बरेली मार्ग पुराना एनएच-74 पर रेलवे स्टेशन के सामने व राधेश्याम बिल्डिंग के पास क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर ह्यूम पाइप पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान भारी वाहनों का टांडा तिराहा, स्टेडियम तिराहा व चैती चौराहे से महाराणा प्रताप चौक की ओर आने वालों वाहनों का प्रवेश पूर्णत: बंद रहेगा। इस दौरान छोटे वाहनों की टांडा तिराहा से महाराणा प्रताप चौक तक एक साइड से ही आवाजाही रहेगी।