सितारगंज। शासन ने बैगुल नदी तटबंधों को मजबूत करने के लिए 4.4 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके लिए शासन ने 1.61 करोड़ रुपये की टोकन राशि भी जारी कर दी गई है।
सचिव विनोद कुमार सुमन ने पत्र जारी करते हुए बताया कि नौ अक्तूबर को मुख्य सचिव राधा रतूड़ी की अध्यक्षता में हुई राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक में सितारगंज स्थित बैगुल नदी के डाउनस्ट्रीम में दोनों ओर के तटबंध व अपस्ट्रीम में बाएं ओर के तटबंध की मजबूती के साथ निर्मल नगर में बाढ़ सुरक्षा कार्य के लिए अनुमोदन प्रदान किया था।
इसके बाद शासन ने तटबंधों के निर्माण के लिए 4.4 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। साथ ही 1.61 करोड़ की टोकन राशि को भी जारी कर दी है। निर्माण कार्य के लिए सिंचाई विभाग को कार्यदायी संस्था बनाया गया है।
मालूम हो कि बैगुल नदी के तटबंध क्षतिग्रस्त होने के कारण कई साल से अरविंद नगर और झाड़ी गांव के करीब 450 परिवार बाढ़ का सितम झेल रहे हैं। तटबंध क्षतिग्रस्त होने से गांव में करीब आठ फुट तक पानी भर जाता है। संवाद
तटबंध मजबूती के लिए 4.4 करोड़ की धनराशि अवमुक्त हुई है। उम्मीद है कार्यदायी संस्था मानसून से पहले तटबंध का निर्माण पूरा कर देगी जिससे ग्रामवासियों को बाढ़ से निजात मिलेगी और उन्हें अपना घर छोड़कर राहत शिविर में नहीं रहना पड़ेगा। - सौरभ बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री