रुद्रपुर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों की आय बढ़ाने और महिलाओं के रोजगार सृजन के लिए तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत रुद्रपुर रेलवे स्टेशन और पंतनगर एयरपोर्ट पर स्थायी स्टॉल के लिए सीडीओ मनीष कुमार ने दोनों को पत्र भेजे हैं।
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को बराबर रोजगार सृजन के लिए स्थायी स्टॉल लगाने के प्रशासनिक प्रयास जारी हैं। सीडीओ ने स्थायी स्टॉल लगाने के लिए रुद्रपुर रेलवे स्टेशन और पंतनगर एयरपोर्ट को चुना है। अगर यहां स्टॉल लगाने को मंजूरी मिल गई तो यहां महिलाओं की स्थायी दुकान लगनी शुरू हो जाएगी। सीडीओ ने पत्र में एयरपोर्ट और स्टेशन पर जमीन न उपलब्ध हो तो आसपास उपलब्धता की बात कही है।
दूर-दूर तक जाएंगे तराई के उत्पाद
रुद्रपुर। पंतनगर एयरपोर्ट और रुद्रपुर रेलवे स्टेशन से देश के कोने-कोने को आने-जाने के लिए रोजाना सैकड़ों की संख्या में यात्री आते-जाते हैं। यहां समूह की महिलाओं का स्टॉल होगा तो तराई के उत्पाद भी दूर-दूर तक जाएंगे। जिले में मूंजघास, गाय के गोबर से बने उत्पाद, मिट्टी के बर्तन, ऐपण आदि विशेष उत्पाद की भी डिमांड के साथ बिक्री भी बढ़ेगी। संवाद
मेट्रोपोलिस माॅल में भी लगेगा स्टॉल
रुद्रपुर। दीपावली और छठपूजा को देखते हुए सीडीओ ने मेट्रोपोलिस मॉल में भी समूह के स्टॉल लगाने को प्रस्ताव भेजा है। उम्मीद है कि एक-दो दिन में इसे मंजूरी भी मिल जाएगी।संवाद
स्वयं सहायता समूहों को स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। त्योहारों पर पूरे जिले में तो स्टॉल लगेंगे ही इसके साथ ही रेलवे और एयरपोर्ट अथाॅरिटी को भी स्थायी स्टॉल के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। उम्मीद है जल्द ही अनुमति मिल जाएगी।
- मनीष कुमार, सीडीओ।