रुद्रपुर शहर में शनिवार रात एक युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि युवती अपनी सहेली और दो दोस्तों के साथ भूरारानी रोड पर गई थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और मारपीट कर युवती का अपहरण कर उसे जंगल में ले गए। आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसे झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़िता की सहेली की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मूल रूप से गढ़वाल क्षेत्र की रहने वाली 19 वर्षीय युवती लंबे समय से रुद्रपुर में किराये पर रहकर सिडकुल की एक कंपनी में काम कर रही है। शनिवार रात वह अपनी सहेली और दो युवकों के साथ भूरारानी रोड पर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी युवती को जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर ले गए जबकि तीसरे आरोपी ने उसके दोस्त की बाइक कब्जे में लेकर सभी को काशीपुर फ्लाईओवर के पास से होते हुए घने जंगल की ओर पहुंचाया। पीड़िता का आरोप है कि जंगल में तीनों आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी उसे छतरपुर-भूरारानी निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास के पीछे झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए। इधर, युवती के लापता होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पुलिस को युवती बदहवास हालत में झाड़ियों में मिली। उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया जहां मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए और मामले की जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। एक महीने में सामूहिक दुष्कर्म की दूसरी बड़ी वारदात रुद्रपुर में पिछले एक महीने के भीतर सामूहिक दुष्कर्म का यह दूसरा बड़ा मामला है। इससे पहले ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की 13 वर्षीय किशोरी के साथ लालपुर स्थित होटल में सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया था, जिसमें मुख्य आरोपी समेत कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसके अलावा हाल के दिनों में दुष्कर्म और दुष्कर्म के प्रयास के कई अन्य मामले भी दर्ज हुए हैं। पीड़िता की सहेली की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - विभव सैनी, सीओ रुद्रपुर