रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप का मामला, गले में थे रस्सी के निशान, पति हिरासत में
पुलिस बोली- दोस्त से पत्नी की हत्या करने की बात कही थी
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप में किराये के मकान में रह रही महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह कमरे में मृत मिली। मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। मायके वालों ने पति पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है।
मूल रूप ग्राम वकराबाद थाना मिलक जिला रामपुर निवासी उमेश कुमार पत्नी रीता (25) और पांच साल के बेटे के साथ ट्रांजिट कैंप स्थित मछली मार्केट में किराये के मकान पर रहकर सिडकुल की फैक्टरी में काम करता है। बृहस्पतिवार देर रात पड़ोसी महिला ने रीता का कमरा बाहर से बंद पाया। जब उसने खिड़की से अंदर देखा तो रीता बिस्तर पर अचेत पड़ी थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। रीता को जिला अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उसके गले पर रस्सी के निशान पड़े थे। तहसीलदार दिनेश कुटौता ने पंचनामे की कार्रवाई की। एसएचओ भारत सिंह ने बताया कि रीता का बेटा ससुराल में रहता था। गाजियाबाद से मोर्चरी पहुंची रीता की मां श्रीती और परिजनों ने दामाद पर हत्या करने और बेटे को अपने साथ लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उमेश रीता को परेशान करता था।
कोट
पति को हिरासत में ले लिया गया है। उसने अपने दोस्त से पत्नी की हत्या करने की बात कही थी। उससे पूछताछ की जा रही है। डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिग आया है। जैसे ही परिजनों की ओर से तहरीर मिलेगी, केस दर्ज किया जाएगा। - मंजूनाथ टीसी, एसएसपी
बहुत उड़ रही थी, इसलिए ठिकाने लगा दिया
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप में शाम छह बजे पति घर से निकल गया था। बताया जा रहा है कि हत्या करने के बाद उसने शराब पी थी। नशे में अपने दोस्त से कहा कि बहुत उड़ रही थी, इसलिए ठिकाने लगा दिया। एसएसपी ने बताया कि शराब के नशे में जब पति ने दोस्त को हत्या की जानकारी दी तो उसने पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और उसे पकड़ लिया गया है। संवाद
एक हफ्ते पहले ही किराये पर लिया था कमरा
रुद्रपुर। पुलिस ने बताया कि दंपती ने एक हफ्ते पहले ही किराये पर कमरा लिया था। दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। पड़ोसियों को आभास भी नहीं था कि पति अपनी पत्नी की हत्या कर देगा। इस घटना के बाद पड़ोसी भी सकते में हैं। मृतका के परिजन दामाद पर हत्या का लगातार आरोप लगा रहे हैं।